युवराज का रिकॉर्ड शतक, कनाडा के चार विकेट पर 173 रन
युवराज का रिकॉर्ड शतक, कनाडा के चार विकेट पर 173 रन
चेन्नई, 17 फरवरी (भाषा) युवराज समरा टी20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने जिससे कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ मंगलवार को यहां ग्रुप डी के मैच में चार विकेट पर 173 रन का मजबूत स्कोर बनाया।
भारत के विश्व कप विजेता ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम पर इस 19 वर्षीय खिलाड़ी का नाम रखा गया था और उन्होंने अपने नाम को सही साबित करते हुए आखिरी ओवर में आउट होने से पहले 65 गेंद पर 110 रन बनाए जिसमें 11 चौके और छह छक्के शामिल हैं।
युवराज टूर्नामेंट में 19 साल और 141 दिन की उम्र में अर्धशतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने थे जिसमें उन्होंने अब नया अध्याय जोड़ा। यह तीसरा अवसर है जबकि कनाडा के किसी खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट में 50 या इससे अधिक रन बनाए।
युवराज ने कप्तान दिलप्रीत बाजवा (39 गेंद पर 36) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी करके कनाडा को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन (निजी अवकाश) और मिशेल सेंटनर (अस्वस्थ) की अनुपस्थिति का पूरा फायदा उठाया।
यह पहला अवसर है जबकि किसी एसोसिएट देश के बल्लेबाज ने टी20 विश्व कप में शतक लगाया। उनकी इस पारी के दम पर कनाडा इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाने में सफल रहा।
न्यूजीलैंड को अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा था लेकिन युवराज ने उनकी एक नहीं चलने दी। कीवी टीम की तरफ से जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जेम्स नीशम ने एक एक विकेट लिया।
युवराज ने पहले ओवर में ही तेज गेंदबाज हेनरी पर लगातार दो चौके लगाए और इसके बाद पावरप्ले के आखिरी ओवर में नीशम की जमकर धुनाई करते हुए 18 रन बटोरे। इस ओवर की आखिरी चार गेंद पर उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। कनाडा ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 50 रन बनाए।
युवराज ने महज 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। भाग्य ने भी उनका साथ दिया। जब वह 91 रन पर खेल रहे थे तब हेनरी डीप एक्स्ट्रा कवर पर उनका कैच लेने में नाकाम रहे। इसके बाद जब वह 107 रन पर खेल रहे थे तब भी उन्हें जीवनदान मिला।
न्यूजीलैंड को अंतिम तीन ओवरों में कुछ राहत मिली, जिसमें उन्होंने केवल 23 रन दिए और दो विकेट लेकर कनाडा को 180 रन से अधिक के स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
न्यूजीलैंड इस मैच में जीत से सुपर आठ में पहुंच जाएगा जबकि कनाडा को अपने पहले दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा है।
भाषा
पंत आनन्द
आनन्द

Facebook


