शुरूआती रूझानों में भाजपा पांच, सपा एक और निर्दलीय एक सीट पर आगे

शुरूआती रूझानों में भाजपा पांच, सपा एक और निर्दलीय एक सीट पर आगे

शुरूआती रूझानों में भाजपा पांच, सपा एक और निर्दलीय एक सीट पर आगे
Modified Date: November 29, 2022 / 08:48 pm IST
Published Date: November 10, 2020 6:50 am IST

लखनऊ, 10 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उप चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी पांच सीटों पर जबकि समाजवादी पार्टी एक और निर्दलीय प्रत्याशी एक सीट पर आगे चल रहे हैं।

इन सात सीटों पर तीन नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था और पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इनमें से छह पर जीत हासिल की थी।

मंगलवार को इन सात सीटों पर मतगणना के रुझानों में भाजपा की उषा सिरोही बुलंदशहर सीट से आगे चल रही हैं, जबकि टूंडला सीट से पार्टी के प्रेमपाल डांगर आगे चल रहे है।

भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार (बांगरमऊ), उपेंद्रनाथ पासवान (घाटमपुर) और सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी (देवरिया) अपने निकटत प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं।

नौगांव सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जावेद अब्बास भाजपा उम्मीदवार संगीता चौहान से 4,028 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं, मल्हनी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार धनंजय सिंह सपा के लकी यादव से करीब 1,236 वोटों से आगे चल चल रहे हैं।

बुलंदशहर में भाजपा की उषा सिरोही बसपा के मो यूनुस से 3,725 वोटों से आगे हैं। वहीं टूंडला में भाजपा के प्रेमपाल सिंह डांगर सपा के महाराज सिंह डांगर से 2,890 वोटो से आगे हैं। बांगरमउ सीट पर भाजपा के श्रीकांत कटियार सपा प्रत्याशी सुरेश कुमार पाल से 7,230 वोटों से आगे चल रहे हैं।

घाटमपुर सीट पर भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान बसपा के कुलदीप शंखवार से 807 वोटों से आगे हैं। देवरिया में भाजपा के सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी सपा के ब्रह्मशंकर त्रिपाठी से 2,403 वोटों से आगे हैं।

इससे पहले उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को हुये उपचुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई।

इनमें मल्हनी सीट पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के खाते में गयी थी बाकी सीटों पर भाजपा का ही कब्जा था।

भाषा जफर वैभव

वैभव


लेखक के बारे में