एस्मा के जवाब में हड़ताली जूनियर डॉक्टर्स ने दिया सामूहिक इस्तीफा, मरीज हो रहे हलाकान
एस्मा के जवाब में हड़ताली जूनियर डॉक्टर्स ने दिया सामूहिक इस्तीफा, मरीज हो रहे हलाकान
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने हड़ताली जूनियर डॉक्टर्स पर एस्मा लगा दिया है। जूनियर डॉक्टर्स ने एस्मा का जवाब सामूहिक इस्तीफे से दिया है। राज्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री शरद जैन ने सभी जूनियर डॉक्टर्स से काम पर वापस लौटने की अपील की है।
बता दें कि मध्य प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर्स और पैरा मेडिकल स्टाफ सोमवार से हड़ताल पर है। इनकी मांगों में स्टायपेंड बढ़ाना और अन्य मांगें शामिल हैं। सोमवार को एसीएस राधेश्याम जुलानिया के साथ दोनों पक्षों की बातचीत विफल होने के बाद हड़ताली जूनियर डॉक्टर्स पर एस्मा लगा दिया गया था।
यह भी पढ़ें : वित्तमंत्री पीयूष गोयल का दावा- स्विस बैंकों में काला धन 34.5 फीसदी कम हुआ
एस्मा लगते ही आज सुबह जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन की बैठक में सामूहिक इस्तीफे का फैसला लिया गया। गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के जूनियर डॉक्टर्स ने सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। हड़ताल के कारण इन मेडिकल कॉलेज से इनसे जुड़े अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प पड़ गयी हैं। मरीज़ दो दिन से परेशान हो रहे हैं।
जूडा की हड़ताल से परेशान मरीजों की समस्या जूडा के सामूहिक इस्तीफे के बाद और ज्यादा बड़ गई है। प्रदेशभर से इलाज की उम्मीद से आए मरीजों को डॉक्टरों की कमी की वजह से इलाज नहीं मिल पा रहा है। मरीजों की ना तो समय पर जांच हो पा रही है और ना ही उन्हें दवा उपलब्ध करवाई जा रही है। मरीजों के मुताबिक सरकार को जल्द कोई निर्णय लेना चाहिए जिससे मरीजों की समस्याएं खत्म हों।
यह भी पढ़ें : मराठा समाज के महाराष्ट्र बंद के दौरान प्रदर्शन हुआ हिंसक, इंटरनेट सेवाओं पर रोक
जूडा के मुताबिक सामूहिक इस्तीफे में प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेजों में काम कर रहे जूनियर डॉक्टर शामिल हैं। जूडा के मुताबिक एक दिन की हड़ताल भी पूरी नहीं हुई थी और सरकार ने आंदोलन को कुचलने के लिए एस्मा लगा दिया। जूडा के मुताबिक हर बार एस्मा लगाकर जूडा को डरा दिया जाता है लेकिन अब सरकार को फैसला करना है कि वो क्या चाहती है क्योंकि जूडा ने अपना फैसला सुना दिया है। जूडा ने ये भी कहा कि अगर सरकार एस्मा हटाती है और सकारात्मक फैसले लेती है तो वो इस्तीफा वापिस भी ले सकते हैं।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


