कमलनाथ ने भगवान महाकाल को लिखा पत्र, 5 साल पहले शिवराज ने भी लिखा था, जानिए पूरी बात
कमलनाथ ने भगवान महाकाल को लिखा पत्र, 5 साल पहले शिवराज ने भी लिखा था, जानिए पूरी बात
भोपाल/उज्जैन। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा के एक दिन पूर्व भगवान महाकाल के नाम एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने प्रदेश की शिवराज सरकार के किए गए वादों का जिक्र किया है। उन्होंने पत्र में शिवराज सरकार पर गंभीर आरोप लगाए है। पत्र के माध्यम से कमलनाथ ने भगवान से प्रार्थना की है कि वे मध्यप्रदेश को बचाएं और जनता के सामने भाजपा की हकीकत लाने में उनकी मदद करें।
कमलनाथ ने मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा पर कहा कि मैंने महाकाल को चिट्ठी लिखी है। महाकाल प्रदेश को भाजपा से बचाकर सुख और समृद्धि के रास्ते पर ले जाएं। भगवान जनता को भाजपा सरकार से छुटकारा दिलाए। कमलनाथ का यह पत्र लेकर उनके मीडिय समन्वयक नरेंद्र सलूजा आज उज्जैन पहुंचे। उन्होंने सैकड़ों कांग्रेसजनों के साथ ढोल- धमाकों के साथ पूजा अर्चना कर महाकाल के चरणो में पत्र अर्पण किया।
यह भी पढ़ें : सज्जन सिंह के बोल वचन- कांग्रेस में हैं झोला छाप नेता, मणिशंकर ने पैसे लेकर दिया था बयान
पत्र में कमलनाथ ने लिखा है कि ‘5 वर्ष पूर्व चुनाव से पहले शिवराज ने जनआशीर्वाद यात्रा के लिए महाकाल को पत्र लिख उज्जैन से ही यात्रा की शुरुआत की थी, उस पत्र में प्रदेश के लिए कई वादे किए थे। इस बार भी शिवराज की जनआशीर्वाद यात्रा 14 जुलाई को उज्जैन से ही शुरू होने जा रही है। उन्होंने लिखा है कि वे पांच वर्ष पूर्व शिवराज द्वारा किए वादों की पोल जनता के बीच जाकर खोलेंगें और सबको हकीकत बताएंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा के जवाब में 18 जुलाई से कांग्रेस पोल-खोल यात्रा निकालने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी इस यात्रा की अगुवाई करेंगे। यह यात्रा उज्जैन के तराना से शुरू होगी। शुभारंभ के मौके पर कमलनाथ, दीपक बावरिया सहित अन्य बड़े नेता भी होंगे शामिल। इस पोलखोल यात्रा को कांग्रेस ने जनजागरण अभियान का नाम दिया है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


