राजनांदगांव। छत्तीसगढ के पारंपरिक त्यौहार हरेली के मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिह ने शनिवार को राजनांदगांव में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में एक बड़ी सौगात देकर प्रदेश भर के पंचायत सचिवों के चेहरे में हरियाली ला दी। हरेली त्यौहार 11 अगस्त 2018 का यह दिन ग्राम पंचायतों के दस हजार 971 सचिवों सहित उनके परिवारों के लिए ऐतिहासिक दिन साबित हुआ जब मुख्यमंत्री ने उन्हे नए वेतमान के क्रम से जोडऩे की सौगात दी। इस मौके पर छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. सिंह और लोक सभा सांसद अभिषेक सिंह का अभिनंदन किया। सम्मेलन का आयोजन कृषि उपज मंडी प्रांगण में किया गया।
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक अब 10 साल की सेवा अवधि पूरी कर चुके पंचायत सचिवों को भी 5200 से 20200 वेतनमान और ग्रेट पे 24 सौ रूपए का लाभ मिलेगा। पहले यह लाभ 15 साल की सेवा अवधि वाले पंचायत सचिवों को ही मिल रहा था। वेतनमान और ग्रेट पे बढाने मुख्यमंत्री की इस सौगात का राजनांदगांव कृषि उपज मंडी प्रांगण में उपस्थित सचिवों और उनके परिवारों ने नारों और ताली बजाकर जोरदार स्वागत किया।
यह भी पढ़ें : जल्द आएगी जोगी कांग्रेस के उम्मीदवारों की पांचवी सूची, चौंकाने वाले हो सकते हैं नाम
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सरकार योजनाएं बनाने का काम करती है पर धरातल में उन्हे यदि क्रियान्वित करने का कोई काम करता है तो वो है ग्राम पंचायतों के सचिव। डॉ. सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों के सचिव मंत्रालय में बैठने वाले सचिवों के बराबर है। उन्होने कहा कि ग्रामीण सचिवालयों को जितनी शक्ति देंगे छत्तीसगढ उतना ही आगे बढेगा।
वहीं पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अजय चंद्रकार ने कहा कि कांग्रेस ने पंचायती राज का दमन किया। जब उनकी सरकार थी तो प्रदेश में सचिवों को वेतन के लाले पड़ते थे, मूलभूत से वेतन बंटता था, गांवों में विकास नहीं होता था आज भाजपा सरकार ने पंचायतों के विकास के लिए 24 सौ करोड़ के बजट का प्रावधान बना रखा है। सम्मेलन को सांसद अभिषेक सिंह ने भी संबोधित किया।
यह भी पढ़ें : राहुल ने बीएचईल बोलकर गलती की, कांग्रेस ने भाषण जस का तस जारी भी कर दिया
पंचायत सचिवों के प्रांताध्यक्ष सीताराम कर्ष ने छत्तीसगढी में स्वागत भाषण देते हुए पंचायत सचिवों की बात रखी। महासम्मेलन में पधारे सभी अतिथियों का कार्यक्रम संयोजक एवं सचिव संघ के राजनांदगांव जिलाध्यक्ष अर्जुन कलिहारे के अलावा सभी जिलों के जिलाध्यक्षों द्वारा स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता खूबचंद पारख, महापौर मधुसूदन यादव, नीलू शर्मा, लीलाराम भोजवानी, प्रदीप गांधी, रजिन्दरपाल सिंह भाटिया, शोभा सोनी, भरत वर्मा, सचिव बघेल, कोमल जंघेल सहित अन्य नेतागण उपस्थित थे। महासम्मेलन का संचालन संघ के राजनांदगांव जिला सचिव मोरध्वज साहू ने किया।
वेब डेस्क, IBC24