जबलपुर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नज़दीक आ रहा है वैसे वैसे उन अधिकारियों की भी धड़कनें तेज होती जा रही हैं जिन पर चुनाव, शांतिपूर्ण करवाने की जिम्मेदारी है। ऐसे में ये अधिकारी गण सोशल मीडिया को सबसे बड़ी चुनौती मान रहे हैं। प्रशासन ने अब सख्ती भी शुरु कर दी है जबलपुर के एसपी अमित सिंह ने तो विधिवत आदेश जारी कर दिया है कि अगर किसी वॉट्सएप ग्रुप या फेसबुक पेज पर आपत्तिजनक या भड़काऊ राजनीतिक पोस्ट की जाती हैं तो ऐसे ग्रुप या पेज के एडमिन को जेल की हवा खानी पड़ेगी।
ये भी पढ़ें –महिला बाल विकास विभाग के सहायक ग्रेड के घर लोकायुक्त पुलिस की छापामार कार्रवाई
जबलपुर के एसपी अमित सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को ये लिखित आदेश जारी किया है जिसमे सोशल मीडिया के ज़रिए राजनैतिक दुष्प्रचार और भ्रामक समाचार शेयर करने वाले लोगों पर कार्यवाई की जानी है। बता दें कि ये आदेश आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र जारी किया गया है जिसमें पुलिस अधिकारियों को राजनैतिक दुष्प्रचार वाले, जिले के सभी वॉट्सएप ग्रुप्स की पहचान करने के निर्देश दिए गए है।
ये भी पढ़ें –30 अगस्त को रायपुर पहुंचेंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त रावत, कुछ ऐसा है उनका शेड्यूल
एसपी अमित सिंह का कहना है कि पहले ऐसे तमाम ग्रुप के एडमिन से लिखित वादा लिया जाएगा कि वो ग्रुप में राजनैतिक दुष्प्रचार नहीं होने देंगे और अगर तब भी दुष्प्रचार या फेक न्यूज़ की शेयरिंग जारी रहती है तो ऐसे लोगों और एडमिन के खिलाफ सीआरपीसी की धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाई की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस आदेश के पालन से सोशल मीडिया में राजनैतिक और सांप्रदायिक दुष्प्रचार पर नकेल कसेगी जिससे आगामी चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने में मदद मिलेगी।
वेब डेस्क IBC24