छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हाथी घर तोड़ता रहा और लोग देखते रहे
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हाथी घर तोड़ता रहा और लोग देखते रहे
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में हाथियों के उत्पात की खबरें सुनने मिलती रहती है। लेकिन हम आपको हाथियों के उत्पात का लाइव वीडियो बताने जा रहे हैं, जिसमें हाथी घर को तोड़ रहा है और लोग आशियाने को टूटते देख रहे हैं। यह वाकया सूरजपुर के सोनगरा के ग्राम झिंगादोहर का है। यहां हाथियों के दल से निकलकर एक हाथी गांव में आ पहुंचा। उसने यहां एक पंडो ग्रामीण का घर देखते ही देखते तोड़ डाला।
सोनगरा इलाके में सप्ताहभर में हाथियों ने 2 ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला जब वे महुआ बीन रहे थे। हाथियों का दल प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में लगातार उत्पात मचा रहा है। कभी वे ग्रामीणों का घर तोड़ रहे हैं तो कभी फसल चौपट कर रहे हैं। इधर वन अमला भी हाथियों के आगे अपने आप को असहाय महसूस कर रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब 6 बजे एक हाथी सोनगरा के ग्राम झिंगादोहर में घुस आया। उसने यहां मोहरलाल पंडो का घर तोड़ दिया। अपनी आंखों के सामने हाथी को घर तोड़ते मोहरलाल सहित गांव के सैकड़ों ग्रामीण देखते रहे। घर को तोडऩे के बाद हाथी ग्राम बगड़ा की ओर चला गया।
ये भी पढ़ें- उन्नाव रेप केस में आरोपी विधायक सात दिन की सीबीआई रिमांड पर
वन विभाग द्वारा दावा किया जाता है कि वे खेत्र में मौजूद रहकर ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश देते हैं। इधर शनिवार की सुबह जब हाथी झिंगादोहर में पहुंचा तो करीब आधे घंटे तक गांव में घूमता रहा। इस दौरान वन विभाग का कोई भी कर्मचारी यहां झांकने तक नहीं आया।
झिंगादोहर में ग्रामीण का घर तोडऩे के बाद दोपहर करीब सवा 12 बजे हाथी ग्राम बगड़ा में आ पहुंचा। यहां वह गांव की मुख्य सड़क पर घूमता रहा। हाथी के पीछे-पीछे भी कई ग्रामीण लगे रहे।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


