अलीगढ़ में 16 क्विंटल नकली पनीर जब्त

अलीगढ़ में 16 क्विंटल नकली पनीर जब्त

अलीगढ़ में 16 क्विंटल नकली पनीर जब्त
Modified Date: April 30, 2026 / 11:46 pm IST
Published Date: April 30, 2026 11:46 pm IST

अलीगढ़ (उप्र), 30 अप्रैल (भाषा) अलीगढ़ में कथित तौर पर डिटर्जेंट पाउडर और अन्य हानिकारक रसायनों का उपयोग करके बनाया गया लगभग 16 क्विंटल नकली पनीर मिलने के बाद पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के अधिकारियों ने छापेमारी की और एक इकाई को सील कर दिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई मंगलवार रात शहर के बाहरी इलाके में एक ट्रक को रोकने के बाद की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नकली पनीर पाया गया।

पुलिस ने बताया कि वाहन मिलावटी पनीर की खेप को अमेठी ले जाते हुए पाया गया। वाहन चालक से मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस और एफएसडीए की संयुक्त टीमों ने पिछले 24 घंटों में पिसावा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत सबलपुर गांव में छापेमारी की, जहां नकली दुग्ध उत्पादों के निर्माण में शामिल एक इकाई की पहचान की गई और उसे सील कर दिया गया।

परिसर के मालिक सुशील कुमार समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि नकली डेयरी उत्पाद बनाने में इस्तेमाल किए गए पांच लाख रुपये से अधिक के कच्चे माल और रसायनों को जब्त कर नष्ट कर दिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) दीनानाथ यादव ने कहा कि यह कार्रवाई आगरा, अलीगढ़ और मेरठ मंडल के जिलों में नकली दुग्ध उत्पादों के खिलाफ जारी राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा थी।

उन्होंने कहा, ‘पिछले एक साल के दौरान नकली दुग्ध उत्पाद बनाने वाली डेयरी इकाइयों के खिलाफ 479 मामले दर्ज किए गए हैं। 347 से अधिक लोगों पर मुकदमा किया गया है, जबकि 17 डेयरियों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं और परिसर सील कर दिए गए हैं।’

अधिकारियों ने कहा कि नकली पनीर अक्सर डिटर्जेंट और अन्य जहरीले पदार्थों का उपयोग करके तैयार किया जाता है और दिल्ली सहित शहरी बाजारों में व्यापक रूप से इसकी आपूर्ति की जाती है।

भाषा सं जफर शोभना

शोभना


लेखक के बारे में