मेरठ का मुस्लिम युवक अपने हिंदू दोस्त के साथ कांवड़ यात्रा पर निकला
मेरठ का मुस्लिम युवक अपने हिंदू दोस्त के साथ कांवड़ यात्रा पर निकला
मेरठ (उप्र), 28 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के फलावदा कस्बे के रहने वाले 21 वर्षीय शाकिर इन दिनों अपने दोस्त और हिंदू समुदाय के मिंटू के साथ 251 लीटर जल की कांवड़ लेकर हरिद्वार से निकले हैं। दोनों की यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश भी दे रही है।
फलावदा के होली चौक, मंदवाड़ी रोड निवासी शाकिर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था के लिए पहले भी चर्चा में रहे हैं। पिछले वर्ष श्रावण मास में उन्होंने हरिद्वार से 101 लीटर जल की कांवड़ लाकर स्थानीय शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। इस वर्ष वह अपने मित्र मिंटू के साथ 251 लीटर जल की कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं।
यात्रा के दौरान शाकिर ना केवल अपने मित्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं, बल्कि अन्य कांवड़ियों की सेवा भी कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर वह कांवड़ संभालते हैं और रास्ते में श्रद्धालुओं की सहायता करते भी नजर आते हैं। दोनों मित्र लगातार दूसरे वर्ष हरिद्वार से कांवड़ यात्रा कर रहे हैं।
शाकिर और मिंटू का कहना है कि उनकी दोस्ती धर्म और जाति की सीमाओं से ऊपर है। उनका मानना है कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और वे अपनी यात्रा के माध्यम से समाज को यही संदेश देना चाहते हैं।
यात्रा के दौरान दोनों ‘जात-पात छोड़ो, इंसानियत को जोड़ो’ का संदेश भी दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेरठ के इन दोनों युवकों की पहल सामाजिक सौहार्द, आपसी सम्मान और भाईचारे का सकारात्मक उदाहरण है। दोनों की दोस्ती यह संदेश देती है कि अलग-अलग आस्थाओं के बावजूद सहयोग, विश्वास और इंसानियत समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम है।
भाषा सं राजेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


