मुख्यमंत्री योगी से मिला अभाविप का प्रतिनिधिमंडल, मांगों को पूरा करने का भरोसा

मुख्यमंत्री योगी से मिला अभाविप का प्रतिनिधिमंडल, मांगों को पूरा करने का भरोसा

मुख्यमंत्री योगी से मिला अभाविप का प्रतिनिधिमंडल, मांगों को पूरा करने का भरोसा
Modified Date: September 7, 2025 / 11:26 pm IST
Published Date: September 7, 2025 11:26 pm IST

लखनऊ, सात सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शैक्षणिक अराजकता का समाधान करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के विषयों पर चर्चा की।

योगी आदित्यनाथ के साथ मुलाकात के बाद अभाविप के केंद्रीय मीडिया टोली के सदस्य अभिनव मिश्र की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने सभी विषयों पर वार्ता करते हुए मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री से मिलने के दौरान संगठन के राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज नीखरा, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सृष्टि सिंह की उपस्थिति रहीं।

बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों की बिंदुवार एवं तथ्यात्मक जांच करते हुए बड़ी एवं निर्णायक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस क्रम में सभी बिंदुओं पर चरणबद्ध रूप से प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

अंकित शुक्ल के हवाले से जारी बयान में कहा गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करने वाले कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और इसमें अन्य जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

बयान के अनुसार, उच्च शिक्षा परिषद द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के अलावा श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय के अन्य अभिलेखों एवं पाठ्यक्रमों की मान्यताओं की जांच कराई जा रही है। अगर उनकी भी मान्यता नहीं पाई जाती है, तो उस पर भी निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।

बयान में कहा गया है कि श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय द्वारा कब्जाई गई जमीन को कब्जामुक्त किया जाएगा, जिस पर बुलडोजर की कार्रवाई की शुरुआत हो गई है।

यह बैठक बाराबंकी के श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में अभाविप सदस्यों से जुड़े हालिया विवाद के बाद हो रही है।

आरोप है कि पुलिस ने विधि पाठ्यक्रम में कथित अनियमितताओं का विरोध कर रहे अभाविप सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की और बल प्रयोग किया था। छात्रों ने विश्वविद्यालय पर आरोप लगाया कि उसने उन्हें ऐसे कार्यक्रम में दाखिला देकर उनके भविष्य को खतरे में डाला है जिसे बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता नहीं मिली है।

इस घटना के बाद, चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और विश्वविद्यालय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

भाषा आनन्द सुरभि

सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में