कोडिन युक्त कफ सिरप मामले में आरोपी की साढ़े तीन करोड़ की संपत्ति जब्त
कोडिन युक्त कफ सिरप मामले में आरोपी की साढ़े तीन करोड़ की संपत्ति जब्त
चंदौली (उप्र), 15 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में रविवार को कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से अर्जित साढ़े तीन करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई मुगलसराय पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जिले में पुलिस की अपराध शाखा कोडिन युक्त कफ सिरप तस्करी के मामले की विवेचना कर रही है। इस मामले में मुगलसराय क्षेत्र के निवासी अभियुक्त स्वप्निल के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमे दर्ज हैं।
सिंह ने बताया कि प्रदेश के सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज थाने में भी उस पर एक मुकदमा दर्ज है।
उन्होंने बताया कि जांच में यह पता चला था कि अभियुक्त स्वप्निल व उसके परिजनों ने कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से अर्जित धन से कई अचल संपत्तियां खरीदी हैं। इसके बाद पुलिस ने उसकी चंधासी स्थित बेछूपुर और मुगलसराय तहसील क्षेत्र में स्थित हरिशंकरपुर में कुल छह संपत्तियों को चिन्हित कर गत 11 फरवरी को उन्हें अधिग्रहित किया था।
उन्होंने बताया कि रविवार को इन सभी संपत्तियों को जब्त किया गया है।
भाषा सं. सलीम
रंजन
रंजन

Facebook


