भाजपा जनता को धोखा देने के लिए बांकीपुर, दतिया उपचुनाव जानबूझकर हारी : अखिलेश

भाजपा जनता को धोखा देने के लिए बांकीपुर, दतिया उपचुनाव जानबूझकर हारी : अखिलेश

भाजपा जनता को धोखा देने के लिए बांकीपुर, दतिया उपचुनाव जानबूझकर हारी : अखिलेश
Modified Date: August 5, 2026 / 06:02 pm IST
Published Date: August 5, 2026 6:02 pm IST

लखनऊ, पांच अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बिहार की बांकीपुर और मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हाल में हुए उपचुनाव जानबूझकर हारने का बुधवार को आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जनता को धोखा देने के लिए दोनों उपचुनाव हारी।

अखिलेश ने सपा के संस्थापक सदस्य रहे जनेश्वर मिश्र की जयंती पर यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित ‘ब्राह्मण सम्मेलन’ के दौरान बांकीपुर और दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, “भाजपा के लोग जानबूझकर उपचुनाव हारे, क्योंकि वे देखना चाहते थे कि क्या बिना बेईमानी किए चुनाव जीता जा सकता है। भाजपा ने बांकीपुर और दतिया में वह मॉडल नहीं अपनाया, जो उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अपनाया था। वे जनता को धोखा देने के लिए उपचुनाव हारे। ये लोग चर्चा कर रहे हैं कि अब विपक्ष के लोग ईवीएम की बात नहीं करेंगे।”

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “बांकीपुर उपचुनाव हारने के बाद भाजपा के लोग पार्टी के अपने साथियों को लड्डू खिला रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में बैठे जितने भी लोग हैं, वे चुनाव आते-आते लड्डू लेकर घूम रहे होंगे कि कोई हमारा लड्डू भी खा ले, लेकिन समाजवादी लोग इनमें से किसी एक को भी अपने साथ लेने वाले नहीं हैं।”

उन्होंने सपा छोड़ने वाले मनोज पांडेय और अन्य नेताओं को संदेश देते हुए कहा, “जो हमें छोड़कर जा रहे, उन्हें जाने दें। वे जो जगह खाली करके जा रहे हैं, उसे भरने के लिए हम सब लोग हैं।”

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से छोड़ी गई बांकीपुर सीट के उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने जीत हासिल की थी, जबकि दतिया सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह विजयी रहे थे।

भाषा

सलीम पारुल

पारुल


लेखक के बारे में