उप्र: किसान आंदोलन के खिलाफ टिप्पणी मामले में भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अर्जी दायर की

उप्र: किसान आंदोलन के खिलाफ टिप्पणी मामले में भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अर्जी दायर की

उप्र: किसान आंदोलन के खिलाफ टिप्पणी मामले में भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अर्जी दायर की
Modified Date: April 21, 2026 / 10:44 pm IST
Published Date: April 21, 2026 10:44 pm IST

आगरा, 21 अप्रैल (भाषा) किसानों आंदोलन को लेकर विवादित टिप्पणी किये जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के वकील ने उत्तर प्रदेश के आगरा की एक विशेष अदालत में मंगलवार को वादी को अदालत द्वारा ‘अनुचित अवसर’ दिये जाने का आरोप लगाते हुए एक अर्जी दाखिल की।

वादी के अधिवक्ता रमा शंकर शर्मा ने बताया कि कंगना की वकील अनुसुइया चौधरी ने आगरा की सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में एक अर्जी दायर कर आरोप लगाया कि अदालत ने वादी को अनुचित अवसर दिया है और ऐसे में सांसद को भी पर्याप्त समय दिया जाए तथा 30 अप्रैल को फैसला सुनाए जाने पर रोक लगाई जाए।

शर्मा ने बताया कि मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है और तीन अप्रैल को अंतिम बहस पूरी हो गई थी।

उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को फैसला सुनाया जाना था लेकिन मुकदमे से संबंधित कुछ अन्य दस्तावेज अदालत को सौंपे जाने के कारण निर्णय की तारीख 30 अप्रैल निर्धारित कर दी गयी।

हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के खिलाफ अगस्त 2024 में कथित रूप से विवादित बयान देते हुए कहा था कि किसान आंदोलन के दौरान हिंसा, दुष्कर्म और हत्याएं हो रही थीं।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में