यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले देवरिया के युवक का शव 34 दिन बाद भारत लाया गया

यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले देवरिया के युवक का शव 34 दिन बाद भारत लाया गया

यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले देवरिया के युवक का शव 34 दिन बाद भारत लाया गया
Modified Date: August 23, 2026 / 05:42 pm IST
Published Date: August 23, 2026 5:42 pm IST

देवरिया (उप्र), 23 अगस्त (भाषा) यूक्रेन के ओडेसा तट के निकट मालवाहक जहाज पर रूसी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले कर्मचारियों देवरिया के अभिषेक निषाद और कर्नाटक के अखिल जोयन के शव 34 दिन बाद रविवार को भारत लाए गए।

मालवाहक जहाज कंपनी की प्रतिनिधि प्रज्ञा त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को रविवार को बताया कि निषाद का शव दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया, जिसके बाद उनके रिश्तेदार सुबह करीब आठ बजे शव लेकर पैतृक गांव करमेल के लिए रवाना हो गए।

जिला प्रशासन के एक प्रवक्ता के अनुसार गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव निवासी 22 वर्षीय अभिषेक निषाद मालवाहक जहाज ‘गोल्डन लियो’ पर चालक दल के सदस्य के रूप में कार्यरत थे।

प्रवक्ता ने बताया कि वह 10 जुलाई को वाराणसी से मुंबई पहुंचे थे जिसके बाद तुर्किये होते हुए 11 जुलाई को माल लेकर मक्का जा रहे जहाज पर सवार हुए थे।

उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के निकट जहाज पर रूसी मिसाइल हमला हुआ, जिसमें कुछ अन्य कर्मचारियों के साथ-साथ अभिषेक की भी मौत हो गयी थी और उनके शव क्षत-विक्षत हो गए।

प्रवक्ता ने बताया कि मृतकों की उम्र भी लगभग समान होने के कारण सामान्य पहचान के आधार पर शवों की पुष्टि संभव नहीं थी, जिसके बाद डीएनए जांच करायी गयी थी। उन्होंने कहा कि डीएनए रिपोर्ट के मिलान के बाद अभिषेक के शव की पहचान हुई।

उन्होंने बताया कि डीएनए जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अभिषेक का शव 34 दिन बाद उसके पैतृक गांव लाया जा रहा है।

प्रवक्ता ने बताया कि यूक्रेन के कीव स्थित बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शव को मोल्दोवा के चिसिनाउ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और फिर विमान के जरिए नयी दिल्ली लाया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी की एंबुलेंस से शव को करमेल लाया जा रहा है, जो देर रात तक लाए जाने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि विगत 19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह के निकट मालवाहक जहाज गोल्डन लियो पर हुए रूसी मिसाइल हमले में चालक दल के चार भारतीय सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी, जिनमें अभिषेक निषाद के अलावा कर्नाटक के हासन जिले के 26 वर्षीय अखिल जोयन, पंजाब के रहने वाले गुरप्रीत सिंह भट्ट और राजस्थान के जगन सिंह शामिल हैं।

अभिषेक के शव को भारत लाने में हुई देरी को लेकर विदेश मंत्रालय ने केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान को जानकारी दी थी।

भाषा सं. सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में