भदोही में जन्म प्रमाण पत्र में गड़बड़ी, विकास अधिकारी पर मुकदमा दर्ज
भदोही में जन्म प्रमाण पत्र में गड़बड़ी, विकास अधिकारी पर मुकदमा दर्ज
भदोही (उप्र), 18 मई (भाषा) भदोही जिले में विकास खंडों में अनियमितता की शिकायतों पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी के निर्देश के बाद सुरयावा ब्लाक के विकास अधिकारी गोपाल मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र में ऑनलाइन प्रविष्टि सहित ब्यौरे में गंभीर अनियमितता की शिकायत मिलने पर जांच की गई।
उन्होंने बताया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर सुरयावा ब्लाक के सहायक विकास अधिकारी मोहम्मद मतीन अंसारी को 15 मई को गोपाल मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि मोहम्मद मतीन अंसारी की तहरीर पर गोपाल मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सुरयावा थाने में रविवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने पंचायत कर्मियों को चेतावनी दी कि लापरवाही या गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
भाषा सं आनन्द मनीषा
मनीषा

Facebook


