लावारिस ट्रक से 15 लाख की कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद
लावारिस ट्रक से 15 लाख की कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद
चंदौली (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) चंदौली जिले के अलीनगर क्षेत्र में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक लावारिस ट्रक से अवैध रूप से ले जायी जा रही 720 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप तथा ‘एस्कफ सिरप’ बरामद की।
बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को आज सुबह सूचना मिली थी कि रिंग रोड के कोरी अंडरपास के पास संदिग्ध हालात में एक ट्रक खड़ा है।
उन्होंने बताया कि वह जब मौके पर पहुंचे और ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 36 बोरियों में छिपाकर रखी गयी कोडीनयुक्त कफ सिरप की 7200 शीशियां बरामद की गयीं। इन शीशियों में सिरप की कुल मात्रा 720 लीटर थी।
सिंह के अनुसार मादक पदार्थ निरीक्षक चन्द्रेश कुमार द्विवेदी को भी इस मौके पर बुलाकर जांच कराई गई, जिसमें उन्होंने बरामद कफ सिरप के अवैध रूप से ले जाये जाने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि वह ट्रक फिरोजाबाद के निवासी राहुल कुमार के नाम पर पंजीकृत है।
सिंह ने बताया कि इस सिलसिले में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
भाषा सं. सलीम संतोष
संतोष

Facebook


