सहारनपुर में बिना अनुमति रविदास की प्रतिमा स्थापित करने पर विवाद, प्रतिमा को मंदिर में रखवाया गया
सहारनपुर में बिना अनुमति रविदास की प्रतिमा स्थापित करने पर विवाद, प्रतिमा को मंदिर में रखवाया गया
सहारनपुर (उप्र) 10 अप्रैल (भाषा) सहारनपुर जिले में नकुड़ थानाक्षेत्र के साहब माजरा गांव में कथित तौर पर एक विवादित जमीन पर बिना अनुमति के संत रविदास की प्रतिमा स्थापित करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रतिमा को ससम्मान हटाकर एक मंदिर में रखवा दिया गया है।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुरेन्द्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक पक्ष ने बिना अनुमति के रात में विवादित भूमि पर संत रविदास जी की प्रतिमा को स्थापित कर दिया और आज दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रतिमा देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही वह, पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रुचि गुप्ता एवं तहसीलदार प्रियंक सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और मूर्ति स्थापित करने वाले एक पक्ष को समझाया कि किसी भी विवादित भूमि पर इस तरह मूर्ति नहीं रखी जा सकती, जिस पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया।
उन्होंने बताया कि इस बीच किसी अज्ञात ने ईट का एक टुकड़ा पुलिस टीम पर फेंक दिया, लेकिन वह किसी को लगा नहीं ,
उन्होंने कहा कि बाद में दो थानों की पुलिस बुलाई गई तथा उन्होंने वहां लोगों को बताया कि इस भूमि पर पिछले कई वर्षों से करतार सिंह और जगदेव सिह पक्ष के बीच विवाद चल रहा है और यह मामला अदालत में विचाराधीन है।
उन्होंने उनसे कहा कि न्यायालय की ओर से यहां यथास्थिति बनाये रखने के आदेश है।
एसडीएम ने बताया कि पुलिस ने ईंट फेंकने वाले युवक की तलाश शुरू कर दी और ग्रामीणों को काफी समझाने के बाद वहां मौजूद लोग मान गये।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और वहां लोगों के बीच कई घंटे तक बातचीत चली तथा इसके बाद संत रविदास की प्रतिमा को सम्मान के साथ लतीफपुर गांव में संत रविदास मंदिर में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी है और एहतियातन वहां पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


