आगरा, बरेली व प्रयागराज में ‘नयी टाउनशिप’ के विकास को मंजूरी
आगरा, बरेली व प्रयागराज में ‘नयी टाउनशिप’ के विकास को मंजूरी
लखनऊ, तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आगरा, बरेली व प्रयागराज में ‘नयी टाउनशिप’ के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए धनराशि स्वीकृत करने और व्यय संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक प्रदेश सरकार ने तेजी से बढ़ती शहरी आबादी को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरों के नियोजित विस्तार के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना लागू की है।
योजना के संचालन के लिए 6 अप्रैल 2023 को विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए थे। योजना के तहत नए शहरों के विकास के लिए भूमि अर्जन पर होने वाले व्यय का 50 प्रतिशत तक राज्य सरकार द्वारा शुरुआती पूंजी के रूप में अधिकतम 20 वर्षों के लिए उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
बयान के मुताबिक इससे विकास प्राधिकरणों और संबंधित एजेंसियों को बड़े पैमाने पर नगरीय अवसंरचना विकसित करने में सुविधा मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के लिए 3500 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।
इसी के अंतर्गत आगरा, बरेली व प्रयागराज में प्रस्तावित नए शहरों के विकास हेतु संबंधित अभिकरणों को कुल 355.06 करोड़ रुपये तक की शुरुआती पूंजी की मंजूरी दी गई है।
बयान के मुताबिक पहली किस्त के रूप में 225 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए धनराशि जारी करने का निर्णय लिया गया है।
भाषा जफर
धीरज
धीरज

Facebook


