पहले की सरकारें अपने गुर्गों से तमंचा बनवाती थीं, अब यहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रहीं:योगी आदित्यनाथ
पहले की सरकारें अपने गुर्गों से तमंचा बनवाती थीं, अब यहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रहीं:योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, पांच जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आरोप लगाया कि 2017 से पहले की सरकारें उत्तर प्रदेश के हर जिले में माफिया पालती थीं और अपने गुर्गों से तमंचा बनवाती थीं, लेकिन आज यहां देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बन रही हैं।
योगी आदित्यनाथ रविवार को यहां राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में अवध क्षेत्र के शक्ति केन्द्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमारे लिए राष्ट्र की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और उनके लिए अपना लूट तंत्र मजबूत करना अहम था।’’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की चिंता यही है कि जिन तबकों को ये लोग जाति के नाम पर बांटते थे, उन्हें गरीब कल्याण योजनाओं के जरिये भाजपा की ‘डबल इंजन’ की सरकार ने देश की मुख्यधारा से जोड़ा है।
उन्होंने दावा किया कि अब थककर विपक्षी दल भारत की आस्था पर प्रहार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में नितिन नवीन और संतोष का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल को समपर्ति किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह वही स्थल है जो भारत की आत्मा को भारत के लोगों से परिचित कराने वाले राष्ट्र के तीन महान पुरुषों – डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बना है।’’
योगी ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि एक देश में दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे और प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर में धारा 370 को समाप्त कर उनके सपनों को साकार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के भीतर जितनी योजनाएं चली हैं, यह देश में बिना भेदभाव के अंतिम पायदान पर बैठे गरीब के लिए समर्पित हैं और अन्त्योदय की यह प्रेरणा पंडित दीनदयाल ने दी और उनके सपने को प्रधानमंत्री मोदी ने साकार किया। आज शासन की योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव गरीब आदमी को मिल रहा है।’’
उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्थिरता के बगैर विकास नहीं हो सकता है और राजनीतिक स्थिरता के प्रेरणा स्रोत अटल बिहारी वाजपेयी हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 13 दिन की सरकार गंवा कर वाजपेयी ने चुनाव का मुकाबला किया और उन्होंने राजनीतिक स्थिरता लाकर ‘‘सुशासन का मॉडल’’ दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पिछले नौ वर्षों में ‘डबल इंजन’ की सरकार ने इस मॉडल को लागू किया है।
भाषा आनन्द शफीक
शफीक

Facebook


