जेवर गिरवी रखकर युवक की हत्या की सुपारी दी, पिता और भाई गिरफ्तार
जेवर गिरवी रखकर युवक की हत्या की सुपारी दी, पिता और भाई गिरफ्तार
अमरोहा, 11 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें एक युवक के माता-पिता और अन्य परिजन ने आए दिन मारपीट और अभद्र व्यवहार करने की उसकी आदत से तंग आकर कथित तौर पर उसकी हत्या करवा दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामले की जांच में युवक की हत्या की सुपारी देने के लिए परिजनों के जेवर गिरवी रखने की बात सामने आई है।
अधिकारी ने बताया कि वारदात के सिलसिले में मृतक के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी मां समेत चार आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि नौ मई को डिडौली थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव के जंगल में एक सूखी नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त नसीरपुर गांव के रहने वाले दुष्यंत (32) के रूप में की गई, जिसके सिर पर चोट के कई निशान थे।
भदौरिया के मुताबिक, मृतक के पिता पीतम सिंह ने थाने में तहरीर देकर आशंका जताई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने दुष्यंत की हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
भदौरिया के अनुसार, जांच में सामने आया कि दुष्यंत आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था और उस पर कई मुकदमे दर्ज थे। उन्होंने बताया कि यह भी पता चला कि दुष्यंत शराब पीने का आदी था और आए दिन अपने माता-पिता, भाई-भाभी, दादा-दादी और अन्य परिजन के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करता था, जिससे परिवार के लोग परेशान थे।
भदौरिया ने बताया कि जांच में पता चला कि दुष्यंत की हरकतों से तंग आकर उसके पिता पीतम सिंह, मां माया देवी और भाई संकित ने घर के जेवर अमरोहा में एक सोनार के यहां गिरवी रखकर 55 हजार रुपये जुटाए और जोगेंद्र उर्फ जौली को उसकी हत्या की सुपारी दे दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने काम हो जाने के बाद पांच लाख रुपये और देने का आश्वासन भी दिया।
भदौरिया के मुताबिक, आठ मई की रात को संकित, जोगेंद्र और दो अन्य आरोपियों ने दुष्यंत की हत्या कर उसका शव श्यामपुर के जंगल में एक सूखी नहर में फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुष्यंत के पिता और भाई को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
भदौरिया ने बताया कि मृतक की मां, जोगेंद्र और दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।
भाषा
सं सलीम पारुल
पारुल

Facebook


