नवजात शिशु को लेकर महिला भागी, प्राथमिकी दर्ज

नवजात शिशु को लेकर महिला भागी, प्राथमिकी दर्ज

नवजात शिशु को लेकर महिला भागी, प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: September 21, 2026 / 06:39 pm IST
Published Date: September 21, 2026 6:39 pm IST

सहारनपुर, 21 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला अस्पताल में सोमवार को एक महिला एक नवजात शिशु को लेकर भाग गई।

शिशु के पिता नाजिम की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, उसकी पत्नी शबाना को रविवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उसने एक बच्चे को जन्म दिया।

शिकायत के अनुसार, सोमवार दोपहर जब नाजिम नवजात शिशु को टीका लगवाने के लिए ऑपरेशन थिएटर के पास ले गया, तो एक अज्ञात महिला ने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताया और बच्चे को टीका लगवाने के बहाने लेकर चली गई।

शिकायत के मुताबिक, महिला ने नाजिम से शिशु का टीकाकरण कार्ड बनवाने के लिए कहा।

पुलिस ने बताया कि जब नाजिम कार्ड लेकर लौटा, तो महिला और नवजात शिशु लापता थे।

उसने बताया कि अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में तलाश करने पर दोनों के न मिलने पर मामले की सूचना जनकपुर थाने में दी गई।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार चीमा ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में सफेद पोशाक पहनी एक महिला नवजात शिशु को अस्पताल से बाहर ले जाते हुए दिख रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

चीमा के अनुसार, संदिग्ध महिला की तलाश और नवजात शिशु को बरामद करने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में