गाजियाबाद में नाबालिग छात्रा के आत्महत्या मामले में सहपाठी समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

गाजियाबाद में नाबालिग छात्रा के आत्महत्या मामले में सहपाठी समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

गाजियाबाद में नाबालिग छात्रा के आत्महत्या मामले में सहपाठी समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: September 14, 2026 / 06:26 pm IST
Published Date: September 14, 2026 6:26 pm IST

गाजियाबाद (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली में 17 वर्षीय छात्रा द्वारा कथित तौर पर सहपाठी की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतका के सहपाठी, उसके माता-पिता और भाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा दिल्ली के आनंद विहार स्थित एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसने 24 अगस्त को आत्महत्या कर ली थी।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 24 अगस्त को कौशांबी थाने में सूचना मिली थी कि वैशाली में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था।

उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर परिवार की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। बाद में परिजनों ने छात्रा का मोबाइल फोन और उसकी व्हाट्सऐप चैट देखी।

मौर्य ने बताया कि परिवार का आरोप है कि स्कूल में पढ़ने वाला एक सहपाठी छात्रा को कथित तौर पर परेशान और डरा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में थी और उसने यह कदम उठाया।

एसीपी ने बताया कि 12 सितंबर को छात्रा के परिजनों ने कौशांबी थाने में तहरीर दी, जिसमें आत्महत्या के लिए उसके सहपाठी तथा उसके माता-पिता और भाई को जिम्मेदार बताया गया। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर कौशांबी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मौर्य ने ने बताया कि पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप चैट को भी जांच में शामिल कर रही है और स्कूल से भी संपर्क किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा आनन्द धीरज

धीरज


लेखक के बारे में