उप्र : महोबा में जहर खिलाने का शक होने पर पत्नी की त्रिशूल से हत्या, आरोपी पति हिरासत में
उप्र : महोबा में जहर खिलाने का शक होने पर पत्नी की त्रिशूल से हत्या, आरोपी पति हिरासत में
बांदा (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) बांदा से सटे महोबा जिले के कुलपहाड़ क्षेत्र के रंगौलिया बुजुर्ग गांव में सतना जेल से पैरोल पर छूटे एक सजायाफ्ता व्यक्ति ने भोजन में जहर मिलाने के शक में सोमवार को अपनी पत्नी की त्रिशूल से हमला करके हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वंदना सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस को कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रंगौलिया बुजुर्ग गांव में कल्लन रैकवार नामक व्यक्ति द्वारा त्रिशूल मारकर अपनी पत्नी चंपा (48) की हत्या किये जाने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सिंह ने बताया कि अब तक की पूछताछ में कल्लन ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी ने उसके खाने में जहर मिला दिया है और इसीलिये उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कल्लन को अपनी 10 माह की पौत्री की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनायी गयी थी और वह कुछ दिन पूर्व सतना (मध्य प्रदेश) की जेल से पैरोल पर छूटकर घर आया था।
उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज

Facebook


