कौशांबी में ट्रकों की जांच के दौरान खान निरीक्षक पर जानलेवा हमला, प्राथमिकी दर्ज
कौशांबी में ट्रकों की जांच के दौरान खान निरीक्षक पर जानलेवा हमला, प्राथमिकी दर्ज
कौशांबी, 29 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में बालू लदे ट्रकों की जांच के दौरान खान निरीक्षक पर एक पेट्रोल पंप के मालिक, कर्मचारियों व चालकों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात हुई। इस संबंध में पांच नामजद व 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया।
पिपरी थाने में खान निरीक्षक शत्रुघ्न सिंह द्वारा रविवार को दी गई तहरीर में कहा गया कि वह अपने सहयोगियों के साथ अवैध खनन और निर्धारित सीमा से अधिक बालू ले जा रहे वाहनों की शनिवार रात लगभग 11:30 बजे जांच कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस दौरान पिपरी थाना क्षेत्र के कसेंदा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास बालू लदे तीन ट्रक खड़े थे।
दर्ज मामले के अनुसार, खान निरीक्षक ने इस संबंध में ट्रक चालकों से कागजात मांगे। इस पर भारत पेट्रोलियम के पंप मालिक अंशु सिंह, प्रबंधक हरिओम, कर्मचारियों शिवम सिंह, अफगान, बलवंत और 12 अज्ञात लोगों ने शत्रुघ्न सिंह, उनके सहयोगियों व चालक पर जानलेवा हमला कर दिया जिसमें वे घायल हो गए।
कौशांबी के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि खान निरीक्षक की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध नामजद व 12 अज्ञात लोगों पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले में जांच तथा विधिक कार्यवाही की जा रही है।
भाषा सं आनन्द रंजन नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


