गाजियाबाद में जमीन हड़पने के आरोप में पूर्व भाजपा सांसद समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

गाजियाबाद में जमीन हड़पने के आरोप में पूर्व भाजपा सांसद समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

गाजियाबाद में जमीन हड़पने के आरोप में पूर्व भाजपा सांसद समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: September 12, 2025 / 11:03 pm IST
Published Date: September 12, 2025 11:03 pm IST

गाजियाबाद (उप्र) 12 सितंबर (भाषा) गाजियाबाद जिले के सिहानी गेट थाने में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल समेत छह लोगों के खिलाफ कथित तौर पर जमीन हड़पने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ जाली दस्तावेज़ों का इस्तेमाल करके 5,000 वर्ग मीटर से ज़्यादा जमीन हड़पने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दर्ज मामले में ‘हरिश्चंद्र रामकली चैरिटेबल ट्रस्ट’ के ट्रस्टी पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल के अलावा गोपाल अग्रवाल, दीपांजलि अग्रवाल, संतोष अग्रवाल और अतुल भूषण और संबंधित ट्रस्ट का नाम शामिल है।

शिकायतकर्ताओं ने समूह पर कवि नगर उप-पंजीयक कार्यालय में हस्तांतरण दर्ज कराने के लिए जाली आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य पहचान दस्तावेजों का उपयोग करके एक फर्जी दानपत्र तैयार करने का भी आरोप लगाया है।

कवि नगर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भाष्कर वर्मा ने बताया कि सांसद-विधायक अदालत के एसीजेएम (द्वितीय) के निर्देश पर सिहानी गेट थाने में दर्ज इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420 (धोखाधड़ी), 467, 468 और 471 (दस्तावेज़ों में हेराफेरी) 120 बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ताओं– राजस्थान के झुंझुनू जिले के श्यामलाल और उनके भाइयों ने आरोप लगाया कि उनकी जानकारी या सहमति के बिना धोखाधड़ी से हरिश्चंद्र रामकली चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर उनकी जमीन हस्तांतरित कर दी गई।

पीड़ितों ने कहा कि उन्हें कथित धोखाधड़ी का पता तब चला जब उन्होंने हाल में जमीन बेचने का फैसला किया और पाया कि यह जमीन 26 अप्रैल, 2018 को ही ट्रस्ट के नाम पर पंजीकृत हो चुकी थी।

पुलिस ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में