देवरिया में सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल

Ads

देवरिया में सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 08:30 AM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 08:30 AM IST

देवरिया (उप्र), 17 मई (भाषा) देवरिया जिले में सड़क हादसे में पांच वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मौसी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात खुखुंदू थाना क्षेत्र के सिसई ढाले के पास उस वक्त हुई जब करकटही परसिया निवासी निराशा कुमारी (19) अपनी बहन के बेटे प्रियांशु को साइकिल से कहीं ले जा रही थीं तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी।

थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में प्रियांशु ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गया, जबकि निराशा सड़क किनारे जा गिरी। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निराशा को गंभीर हालत में देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

उन्होंने बताया कि निराशा की बहन ज्योति अपने दो बच्चों प्रियांशु (पांच) और स्नेहा (तीन) के साथ मायके आई हुई थीं और शनिवार रात प्रियांशु को बुखार होने पर जब निराशा उसे डॉक्टर के पास ले जा रही थीं तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी