उत्तर प्रदेश के ललितपुर में चेक डैम में पांच युवक डूबे, तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में चेक डैम में पांच युवक डूबे, तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में चेक डैम में पांच युवक डूबे, तीन की मौत
Modified Date: May 7, 2026 / 08:08 pm IST
Published Date: May 7, 2026 8:08 pm IST

बांदा (उप्र), सात मई (भाषा) ललितपुर जिले के महरौनी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को नहाते समय चेक डैम में पांच युवक डूब गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

महरौनी क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) रक्षपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर महरौनी क्षेत्र के हर्षपुर गांव के पास बह रही नहर के चेकडैम (लघु बांध) में नहाते समय पांच युवक डूब गए, जिनमें से तीन युवकों की मौत हो गई है।

उन्होंने बताया कि मृत युवकों की पहचान मध्य प्रदेश के अशोकनगर के रहने वाले मिथुन (30), धर्मेंद्र (20) और धीरज (22) के रूप में हुई है।

तीनों युवकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर विस्तृत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सीओ ने बताया कि जगदीश (32) और राजकुमार (30) को बचा लिया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी युवक एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे।

सिंह ने बताया कि अब तक हुई जांच में सामने आया कि डूब रहे एक युवक को बचाने के दौरान चार अन्य युवक भी गहरे पानी में चले गए।

भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में