अमरोहा में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो पुलिसकर्मी सहित चार लोग गिरफ्तार

अमरोहा में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो पुलिसकर्मी सहित चार लोग गिरफ्तार

अमरोहा में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो पुलिसकर्मी सहित चार लोग गिरफ्तार
Modified Date: September 24, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: September 24, 2026 3:07 pm IST

अमरोहा (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) अमरोहा जिले में एक फार्महाउस में हरियाणा की एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में उत्तर प्रदेश पुलिस के दो कर्मियों और सीआरपीएफ के दो जवानों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में हुई इस कथित घटना के सिलसिले में हसनपुर थाना में तैनात एक उप निरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक उप निरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के मुताबिक, हरियाणा स्थित फतेहाबाद निवासी 24 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी एक परिचित ने 20 सितंबर को उससे संपर्क किया था। पीड़िता के अनुसार, उसे अमरोहा में धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए मुजफ्फरनगर जिले के सौरंग गांव निवासी मोहित से मिलने को कहा गया था, जो सीआरपीएफ में निरीक्षक है।

पीड़िता ने 21 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत में मोहित से कथित तौर पर मुलाकात की। वहां से वे दोनों मेरठ गए, जहां मोहित का साथी और सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल एवं अलवर निवासी लालाराम यादव भी उसके साथ हो गया।

आरोप है कि 22 सितंबर की शाम दोनों व्यक्ति पीड़िता को एक कार में कथित तौर पर हसनपुर ले गए और रास्ते में उप निरीक्षक संजय तोमर भी उनके साथ शामिल हो गया। ये तीनों लोग महिला को अतरासी-हसनपुर मार्ग पर एक फार्महाउस में ले गए, जहां उन्होंने दो कमरे किराये पर लिया था।

शिकायत के मुताबिक, पुलिस हेड कांस्टेबल प्रमोद ने उन तीनों के लिए भोजन और शराब की व्यवस्था की थी।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, शाम को मोहित, लालाराम और तोमर ने बारी- बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया तथा इसके बाद प्रमोद ने भी उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इसके बाद, महिला ने बुधवार शाम करीब छह बजे पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा, “पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला को कथित तौर पर यौन संबंध बनाने के लिए बाध्य किया जा रहा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को मुक्त करा कर उसका बयान दर्ज किया।”

उन्होंने बताया कि हसनपुर और राजबपुर थानों की टीमें घटनास्थल पर पहुंची, महिला को मुक्त कराया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर इन चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबद्ध धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किये गए चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय उप निरीक्षक के निलंबन के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ के दो कर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

हसनपुर कोतवाली प्रभारी अमरपाल सिंह के मुताबिक, जिस फार्महाउस में कथित घटना हुई, वह उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक का बताया जा रहा है। पुलिस ने फार्महाउस के प्रबंधक से पूछताछ की है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जब शासन अपराध पर आधारित हो तो पुलिस भी भ्रष्ट हो जाती है।’’

अखिलेश ने कहा कि यह घटना पुलिस पर एक ऐसा धब्बा है जिसे मिटाया नहीं जा सकता। उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

भाषा

सं राजेंद्र सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में