गडकरी ने लखनऊ में 23 किलोमीटर लंबे ‘एलिवेटेड’ मार्ग की स्वीकृति दी : राजनाथ सिंह

गडकरी ने लखनऊ में 23 किलोमीटर लंबे ‘एलिवेटेड’ मार्ग की स्वीकृति दी : राजनाथ सिंह

गडकरी ने लखनऊ में 23 किलोमीटर लंबे ‘एलिवेटेड’ मार्ग की स्वीकृति दी : राजनाथ सिंह
Modified Date: July 13, 2026 / 06:52 pm IST
Published Date: July 13, 2026 6:52 pm IST

लखनऊ, 13 जुलाई (भाषा) रक्षा मंत्री एवं लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि केन्‍द्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश की राजधानी में शहीद पथ पर 23 किलोमीटर लंबे ‘एलिवेटेड’ मार्ग की स्‍वीकृत दे दी है।

उन्होंने प्रोटोकॉल बदलकर पहले खुद भाषण दिया और तर्क दिया कि वह पहले इसलिए बोल रहे हैं, ताकि नितिन गडकरी से कुछ मांग सकें।

सिंह, गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में उन्‍नाव में 4,850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन राष्‍ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘आज सबसे बड़ा काम यह हुआ कि कानपुर से लखनऊ तक राजमार्ग की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। मैं इसके लिए नितिन गडकरी का आभार प्रकट करूंगा।’’

उन्‍होंने गडकरी से कहा, ‘‘मैं इसीलिए (संबोधन के लिए) पहले खड़ा हुआ कि आपसे कुछ मांग सकूं।’’

रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ के लोगों को यह जानकर खुशी होगी कि गडकरी ने शहर में यातायात जाम की समस्या के समाधान की मांग पर क्षण भर की देरी नहीं लगाई और लखनऊ हवाई अड्डे से आउटररिंग रोड पर शहीद पथ पर लगभग 23 किलोमीटर लंबा ‘एलिवेटेड’ कारिडोर स्‍वीकृत कर दिया।

उन्‍होंने कहा, ‘‘जब अटल जी भारत के प्रधानमंत्री थे और मैं सड़क राजमार्ग मंत्री था तो उन्‍होंने इसके लिए आदेश दिया था। आज यह लखनऊ की जीवनरेखा बन गया है, और अगर शहीद पथ नहीं होता, तो जाम की कितनी बड़ी समस्‍या होती, अंदाजा लगा सकते हैं।’’

सिंह ने कहा कि उन्‍होंने मांग की कि ‘एलिवेटेड’ मार्ग के ऊपर मेट्रो भी चलनी चाहिए और इसके लिए भी स्‍वीकृति मिल गई है। उन्होंने किसान पथ पर ‘सर्विस रोड’ की भी मांग की।

रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व में उप्र का विकास हो रहा है और इसकी चर्चा भारत के दूसरे राज्‍यों में भी होती है।

उन्‍होंने कहा, ‘‘विकास की पहली शर्त चुस्‍त-दुरुस्‍त कानून व्‍यवस्‍था होती है और योगी आदित्‍यनाथ की कानून-व्‍यवस्‍था की देश में सर्वत्र सराहना की जाती है। लखनऊ के विकास के लिए जब भी मुख्‍यमंत्री से कहा गया, उन्‍होंने स्‍वीकृति देने में क्षण भर की भी देरी नहीं लगाई।’’ सिंह ने कहा कि यहां ब्रह़मोस मिसाइल उद्योग स्‍थापित हुआ तथा कुछ ही महीनों में और भी बड़े उद्योग लखनऊ में स्‍थापित होने जा रहे हैं।

समारोह को उप्र के उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक और विधानसभा अध्‍यक्ष सतीश महाना ने भी संबोधित किया।

भाषा आनन्‍द रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में