सहारनपुर में बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत

सहारनपुर में बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत

सहारनपुर में बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत
Modified Date: July 13, 2026 / 01:14 pm IST
Published Date: July 13, 2026 1:14 pm IST

सहारनपुर (उप्र), 13 जुलाई (भाषा) सहारनपुर जिले में सोमवार को एक रेलवे ओवरब्रिज पर हरियाणा रोडवेज की एक बस ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल सवार 26 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रामपुर मनिहारान पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुबह करीब नौ बजे हुई इस दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर भाग गया।

थाना प्रभारी उम्मेद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान नानौता क्षेत्र के सिखेड़ा गांव के निवासी किशन के रूप में हुई है, जो दुर्घटना के समय काम पर जा रहा था।

पीड़ित के परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने यह आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया कि परियोजना पूरी होने के बावजूद ओवरब्रिज का केवल एक तरफ का हिस्सा यातायात के लिए खोला गया है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

उपजिलाधिकारी डॉ. पूर्वा और पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद लोग सड़क से हट गए और यातायात बहाल हो गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।

पुलिस ने कहा कि फरार बस चालक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

भाषा सं जफर मनीषा संतोष

संतोष


लेखक के बारे में