आजमगढ़ में दादा-पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या

आजमगढ़ में दादा-पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या

आजमगढ़ में दादा-पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या
Modified Date: July 10, 2026 / 01:54 pm IST
Published Date: July 10, 2026 1:54 pm IST

आजमगढ़ (उप्र), 10 जुलाई (भाषा) आजमगढ़ जिले के पवई थानाक्षेत्र में बदमाशों ने एक बुजुर्ग और उसके पोते की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पवई थानाक्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात बदमाशों ने ट्यूबवेल पर सो रहे जगदम्बा प्रसाद यादव (70) की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी।

कुमार के अनुसार इसके बाद बदमाश करीब 400 मीटर दूर स्थित उनके घर पहुंचे और उन्होंने बरामदे में सो रहे उनके पोते श्रीवांशु यादव (25) उर्फ अंकित पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया।

एसपी ने बताया कि अंकित की दादी फूलकुमारी ने आहट सुनने पर आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, फिर उन्होंने अन्य दो पोतों को जगाया और बाहर आकर देखा तो उन्हें अंकित गंभीर रूप से घायल पड़ा मिला।

पुलिस के मुताबिक परिजन अंकित को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक का कहना है कि इसके बाद जब परिजन दादा जगदम्बा प्रसाद को बुलाने ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां उनका शव पड़ा मिला।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू की तथा उसे घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी मिली है।

पुलिस के अनुसार अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने आरोप लगाया कि पड़ोसियों से चल रहे भूमि विवाद और पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

परिजनों का कहना है कि अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और तीन महीने पहले ही घर लौटा था।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये हैं तथा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं तथा सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।

भाषा सं आनन्द नरेश राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में