मेरठ में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज और ऑनलाइन ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
मेरठ में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज और ऑनलाइन ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
मेरठ, 21 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ नगर में पुलिस, साइबर प्रकोष्ठ और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध टेलीफोन एक्सचेंज संचालित करने और ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि दूरसंचार विभाग से मिली सूचना के आधार पर शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर गोला कुआं स्थित एक मकान पर छापा मारा गया। यहां पहली मंजिल पर अवैध सिम बॉक्स आधारित टेलीफोन एक्सचेंज संचालित किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि आरोपी तकनीकी उपकरणों की मदद से अंतरराष्ट्रीय वीओआईपी कॉल को सामान्य वॉयस कॉल में बदलकर दूरसंचार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, जिससे सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा था।
इसके अलावा, यह गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर भी ठगी करता था।
पुलिस ने मौके से समीर मंसूरी (29), नासिर (30) और प्रशांत पाल (23) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी समीर मंसूरी ने अलग-अलग पते पर दो आधार कार्ड बनवाए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 97 सिम कार्ड, दो सिम बॉक्स, 10 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, 18 एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंकों की 20 चेकबुक, फर्जी दस्तावेज बनाने की सामग्री, प्रिंटर, स्कैनर तथा दो कारें बरामद की गई हैं।
भोसले ने बताया कि इस मामले में शहर कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता, आईटी अधिनियम, दूरसंचार अधिनियम 2023 तथा भारतीय तार एवं बेतार अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


