भारत की चुनाव प्रणाली दुनिया में सर्वाधिक पारदर्शी और निष्पक्ष : मुख्य निर्वाचन आयुक्त
भारत की चुनाव प्रणाली दुनिया में सर्वाधिक पारदर्शी और निष्पक्ष : मुख्य निर्वाचन आयुक्त
मुरादाबाद, 16 जुलाई (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बृहस्पतिवार को
दावा किया कि भारत की चुनाव प्रणाली दुनिया की “सबसे सक्षम, पारदर्शी और विश्वसनीय” प्रणालियों में से एक है।
कुमार ने तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) पाकबड़ा के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली विश्व की सबसे सक्षम, पारदर्शी और विश्वसनीय प्रणालियों में से एक है।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार हैं, जिनके लिए बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
कुमार ने कहा कि भारत 2026 में दुनिया के प्रमुख लोकतांत्रिक देशों के संगठन ‘अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनावी सहायता संस्थान’ की अध्यक्षता कर रहा है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में वह जहां भी प्रशासनिक दौरे पर जाएंगे, वहां बीएलओ के साथ सीधा संवाद करेंगे, क्योंकि इससे मतदाता सूची को और अधिक शुद्ध, त्रुटिहीन एवं मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
कुमार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के तीन प्रमुख चरण मतदाता सूची निर्माण, मतदान और मतगणना पूरी तरह से पारदर्शी व्यवस्था के तहत संपन्न कराए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दल और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी इन सभी प्रक्रियाओं का लगातार परीक्षण करते रहते हैं और यही कारण है कि भारतीय निर्वाचन प्रणाली अपनी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता के लिए दुनियाभर में जानी जाती है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के टीएमयू पहुंचने पर उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इसके बाद कुमार ने बीएलओ और पर्यवेक्षकों के साथ संवाद कर उन्हें मतदाता सूची के शुद्धीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाषा
सं. सलीम पारुल
पारुल

Facebook


