बागपत में अंतरराज्यीय पशु तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में दो अपराधी घायल
बागपत में अंतरराज्यीय पशु तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में दो अपराधी घायल
बागपत (उप्र), 23 अप्रैल (भाषा) बागपत जिले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय पशु तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया और बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के बाद गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान नोमान, उम्मेद और रिजवान उर्फ रिजू के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सिंघावली अहीर थाने की पुलिस और सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी तभी उन्होंने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन वाहन सवार लोगों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस दल गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नोमान और उम्मेद गोली लगने से घायल हो गए जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया। पुलिस दल ने उनके एक और साथी रिजवान को भी दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक कार, .315 बोर के दो तमंचे, कारतूस तथा पशुओं को बांधने में इस्तेमाल होने वाली जंजीरें और रस्सियां बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘यह गिरोह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत समेत कई जिलों के साथ-साथ हरियाणा के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था और लंबे समय से पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।’’
उन्होंने बताया कि गिरोह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
भाषा सं जफर खारी
खारी

Facebook


