अंतर-राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ : तीन करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त

Ads

अंतर-राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ : तीन करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 08:15 PM IST

भदोही (उप्र), 20 मई (भाषा) भदोही जिले के कोइरौना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को अंतर-राज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर कथित चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का 604 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वाराणसी की तरफ जा रहे एक ट्रक और उसके आगे चल रही कार को रोकने की कोशिश की, तभी ट्रक चालक ने ‘यूटर्न’ लेकर वाहन सहित भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली।’’

उन्होंने बताया कि ट्रक में कई बोरियों में भरा 604 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

त्यागी ने बताया कि बरामद किए गए गंजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने बताया कि इस बरामदगी के बाद कार सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

त्यागी ने बताया कि पकड़े गए तस्कर त्रिशूल जायसवाल, रामबाबू मौर्य, सुरेन घराई और मोंटू साहू ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में उसकी आपूर्ति करते थे।

उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों के अलग-अलग जिलों में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भाषा सं सलीम धीरज

धीरज