उत्तर प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं निवेशक: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं निवेशक: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं निवेशक: योगी आदित्यनाथ
Modified Date: May 22, 2026 / 11:45 pm IST
Published Date: May 22, 2026 11:45 pm IST

लखनऊ, 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि निवेशक राज्य के विकास में सरकार के सहयात्री हैं।

योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के अंतर्गत 17 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र प्रदान करने के बाद एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने पर्यटन, व्यापार और निवेश के विश्वस्तरीय स्थल के रूप में खुद को स्थापित किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में निवेश करने वाले निवेशक प्रदेश के विकास में सरकार के सहयात्री हैं।’’

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिस जेवर क्षेत्र में आज भारत का सबसे बड़ा नोएडा इंटरनेशनल हवाई अड्डा बना है, नौ साल पहले वह भारत का सबसे डरावना क्षेत्र था। वहां गंभीर आपराधिक घटनाएं होती थीं। शाम साढ़े पांच बजे के बाद आवागमन बंद हो जाता था। बुनियादी ढांचा नहीं था। आज यीडा क्षेत्र में दिख रहा परिवर्तन नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर है।’’

योगी ने कहा कि 2017 से पहले सत्ता के समानांतर माफिया का साम्राज्य था। हर जिले में भय का माहौल था। महिलाएं सूर्यास्त से पहले घर लौटने को मजबूर थीं। व्यापारी शाम छह बजे दुकानें बंद कर देते थे। सड़कें गड्ढों से भरी थीं, बिजली चार-पांच घंटे ही मिलती थी।

सुरक्षा को विकास की पहली शर्त बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सड़क अवसंरचना आज सबसे बेहतर है। देश में एक्सप्रेसवे का 60 प्रतिशत हिस्सा और चार लाख किलोमीटर सड़क अवसंरचना उत्तर प्रदेश के पास है। हर जिला मुख्यालय चार-लेन से जुड़ा है और आज 16 हवाई अड्डे संचालित हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। उन्होंने कहा कि छह और हवाई अड्डों पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब माफिया, गुंडा, कर्फ्यू, अराजकता और दंगों से मुक्त है। यहां हर निवेशक को सुरक्षा की गारंटी है।

योगी ने कहा ‘‘हम निवेशक को साझेदार मानते हैं। वह युवाओं को रोजगार और कौशल देता है। सरकार हर निवेशक का स्वागत करती है।’’

निवेशकों से मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जहां आपको भूमि आवंटित हो रही है, वह सोने के भाव की है। यह दुनिया में निवेश की सबसे उर्वर भूमि है।’’

मुख्यमंत्री ने निवेशकों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बाहर भी निवेश का आग्रह किया।

भाषा आनन्द गोला

गोला


लेखक के बारे में