लता मंगेशकर की स्वर साधना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी: योगी
लता मंगेशकर की स्वर साधना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी: योगी
लखनऊ, 28 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिग्गज गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए सोमवार को कहा कि ‘भारत रत्न’ से सम्मानित मंगेशकर की ‘‘अनुपम स्वर साधना सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित’’ रहेगी।
योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ ‘भारत रत्न’ से सम्मानित स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय संगीत की विरासत को समृद्ध बनाने में उनका अमूल्य योगदान और उनकी अनुपम स्वर साधना सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहकर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज बनी रहेगी।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत रत्न से सम्मानित स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की जयंती पर कोटि-कोटि नमन।’’
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मां सरस्वती की अनन्य साधिका, ‘स्वर कोकिला’ के नाम से सुप्रसिद्ध एवं ‘भारत रत्न’ से अलंकृत लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन!’’
मौर्य ने कहा कि भारतीय संगीत जगत को समृद्ध बनाने में लता मंगेशकर का योगदान अविस्मरणीय है और उनकी मधुर आवाज सदैव हर पीढ़ी के श्रोताओं को मोहित करती रहेगी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, ‘‘सादगी एवं सौम्यता की प्रतीक ‘स्वर कोकिला’, भारत रत्न से सम्मानित सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।’’
कई दशकों तक पार्श्व गायन के शीर्ष पर रहीं लता मंगेशकर को शास्त्रीय संगीत की बारीकियों में महारत हासिल थी।
मंगेशकर का जन्म इंदौर में 28 सितंबर 1929 को हुआ था। उनका छह फरवरी 2022 को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
भाषा आनन्द सिम्मी
सिम्मी

Facebook


