हिमाचल के हमीरपुर के गांवों में तेंदुए का आतंक जारी, भैंस को मारा
हिमाचल के हमीरपुर के गांवों में तेंदुए का आतंक जारी, भैंस को मारा
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 20 अगस्त (भाषा) हिमाचल के हमीरपुर जिले के लदरौर क्षेत्र में एक महीने से भी कम के समय में दूसरी बार तेंदुए को देखे जाने की सूचना मिली है।
लदरौर ग्राम पंचायत में बुधवार को एक तेंदुआ घुस आया और उसने स्थानीय निवासी चमन लाल की भैंस को मार डाला। यह घटना करहा पंचायत क्षेत्र के खेतों में एक तेंदुए को दो शावकों के साथ देखे जाने के महज कुछ दिनों बाद हुई है।
इन घटनाओं से पहले, एक तेंदुए ने बुथबिन टांगरियान में भी एक भैंस को मार डाला था।
घटना की सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सक अरविंद कुमार ने बुधवार शाम को घटनास्थल पर जाकर मृत मवेशी का निरीक्षण किया और तेंदुए द्वारा किए हमले की परिस्थितियों का जायजा लिया।
इस बीच, ग्राम पंचायत प्रधान सविता कुमारी ने कहा कि तेंदुए की जारी गतिविधियों ने स्थानीय निवासियों के मन में डर पैदा कर दिया है। पंचायत ने इस संबंध में वन विभाग को सूचित कर दिया है।
ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में एक बड़ा पिंजरा लगाने की मांग की है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


