लखनऊ अग्निकांड : एसआईटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

लखनऊ अग्निकांड : एसआईटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

लखनऊ अग्निकांड : एसआईटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
Modified Date: June 23, 2026 / 10:21 pm IST
Published Date: June 23, 2026 10:21 pm IST

लखनऊ, 23 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत के मामले की जांच के लिए गठित दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

एसआईटी के सदस्य व पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रवीण कुमार सुबह घटनास्थल पहुंचे।

उन्होंने एक घंटे से अधिक समय तक पूरी इमारत का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

एसआईटी के सदस्यों ने इसके बाद किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचकर उपचाराधीन घायलों से मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

राज्य सरकार के एक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। अमृत अभिजात ने बताया, “घटनास्थल की विभिन्न कोणों से तस्वीरें ली गई हैं और जांच को आगे बढ़ाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना से जुड़े व्यक्तियों और संबंधित विभागों से भी पूछताछ की जाएगी। सभी चरणों की जांच पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी।”

एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि एसआईटी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया है।

उन्होंने बताया, “एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। घटना से जुड़े सभी विभागों की भूमिका और उनके दायित्वों के निर्वहन की भी जांच की जा रही है।”

अधिकारी ने बताया कि अग्निकांड से प्रभावित लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर सरकार को जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।

घटनास्थल पर एफएसएल के निदेशक आदर्श कुमार और उनकी टीम ने मलबे, जले हुए उपकरणों, बिजली के तारों और अन्य नमूनों सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

अलीगंज में सोमवार को तीन मंजिला एक इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए थे।

घटना की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ का अपना दौरा बीच में ही छोड़कर लखनऊ लौट आए थे और घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित एसआईटी को सात दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपने का निर्देश दिया गया है।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में