मेरठ में पुलिस से मुठभेड़ के बाद गो तस्करी का आरोपी व्यक्ति गिरफ्तार

मेरठ में पुलिस से मुठभेड़ के बाद गो तस्करी का आरोपी व्यक्ति गिरफ्तार

मेरठ में पुलिस से मुठभेड़ के बाद गो तस्करी का आरोपी व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: February 18, 2026 / 12:43 pm IST
Published Date: February 18, 2026 12:43 pm IST

मेरठ (उप्र), 18 फरवरी (भाषा) मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गो तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस तथा पशु वध में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जारी अभियान के तहत मंगलवार देर रात को किठौर थाना क्षेत्र में पुलिस निरीक्षण और गश्त अभियान पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बहरोड गांव के जंगल में एक ट्यूबवेल परिसर में तीन बोरियों में पशु मांस रखा है।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने कथित तौर पर एक कोठरी की तलाशी ली जहां से पशु वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और तीन बोरियों में रखा मांस और खाल बरामद की।

सूत्रों ने बताया कि आसपास संदिग्धों की तलाश कर रही पुलिस टीम पर कोठरी के पीछे से गोलियां चलायी गयीं। आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में बसरीफ नामक एक अभियुक्त के दायें पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक पांच-छह अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस तथा पशु वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किये गये हैं। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए किठौर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम मनीषा सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में