गाड़ी में पहले ईंधन भरवाने का विरोध करने पर पेट्रोल पम्प कर्मी पर तानी पिस्टल, एक आरोपी गिरफ्तार

गाड़ी में पहले ईंधन भरवाने का विरोध करने पर पेट्रोल पम्प कर्मी पर तानी पिस्टल, एक आरोपी गिरफ्तार

गाड़ी में पहले ईंधन भरवाने का विरोध करने पर पेट्रोल पम्प कर्मी पर तानी पिस्टल, एक आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: March 29, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: March 29, 2026 10:30 pm IST

गाजियाबाद (उप्र), 29 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के कादराबाद स्थित एक पेट्रोल पंप पर शनिवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी में ईंधन भरने में हुई देरी से नाराज होकर एक कर्मचारी से गाली गलौज की और उसे गोली मारने की धमकी दी।

पुलिस ने रविवार को बताया कि उसने हवा में गोली चलाने की कोशिश भी की लेकिन गोली हथियार की नली में ही फंस गई।

इसी बीच, पेट्रोल पंप पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि, उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कादराबाद पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के तौर पर काम करने वाला आकाश दीक्षित शनिवार रात ड्यूटी पर था, तभी दो लोग एक दोपहिया वाहन पर वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि पंप पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई थी मगर आरोपियों ने खुद को पहले पेट्रोल देने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि इस बात पर आकाश के साथ उनकी बहस हो गई और इस दौरान मोटरसाइकिल सवार लोग गाली—गलौज करने लगे।

सूत्रों ने बताया कि जब आकाश ने इसका विरोध किया तो उनमें से एक ने पिस्टल निकाल ली और उसे आकाश पर तान दिया, साथ ही धमकी दी कि अगर उसने तुरंत गाड़ी में ईंधन नहीं भरा तो वह उसे गोली मार देगा।

सूत्रों ने बताया कि दहशत फैलाने के लिए आरोपी ने हवा में गोली चलाने की कोशिश की लेकिन गोली पिस्टल की नली में ही फंस गई। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गयी और आकाश की शिकायत के आधार पर, मोदीनगर के सुदामापुरी इलाके के रहने वाले सचिन और आकाश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सचिन के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान सचिन ने दावा किया कि उसे यह पिस्टल मेरठ के परतापुर स्थित एक श्मशान घाट के पास पड़ी मिली थी। उसने स्वीकार किया कि वह अपना ‘रसूख’ दिखाने के लिए अपने साथ पिस्टल रखता है।

भाषा सं. सलीम गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में