अलीगढ़ में महिला से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
अलीगढ़ में महिला से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
अलीगढ़ (उप्र), दो जुलाई (भाषा) अलीगढ़ पुलिस ने एक महिला से दुष्कर्म के आरोपी को बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म की यह घटना बुधवार देर रात बन्नादेवी इलाके की है। बस से शहर आई एक महिला रात में रुकने के लिए जगह तलाश रही थी, तभी आरोपी उसके पास पहुंचा।
सहायक पुलिस अधीक्षक आदित्य बंसल ने कहा, ‘‘ई-रिक्शा चालक सुभान ने महिला को आश्वासन दिया कि वह उसे एक सुरक्षित और कम बजट वाले होटल ले जाएगा। हालांकि, महिला के होटल में जाने के बाद सुभान जबरन उसके कमरे में घुस गया, अंदर से दरवाजा बंद कर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी फरार हो गया।’’
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके आधार पर बन्नादेवी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी का पता लगाने के लिए अपराध जांच शाखा की एक विशेष टीम को तुरंत तैनात किया गया।
एएसपी बंसल ने कहा, ‘‘सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस टीम ने क्वारसी थाना क्षेत्र के नगला पटवारी इलाके के एक घर में आरोपी की मौजूदगी का पता लगाया। आज तड़के जब पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर छापा मारा, तो आरोपी ने अवैध हथियार से पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिसकर्मियों ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।’’
इस जवाबी गोलीबारी में आरोपी सुभान घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला मलखान सिंह अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता पड़ोसी जिले कासगंज की निवासी है और किसी काम से अलीगढ़ आई थी। काम में देरी हो जाने के कारण उसने रात को होटल में रुकने का फैसला किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं जफर वैभव खारी
खारी

Facebook


