हवाई अड्डे पर 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
हवाई अड्डे पर 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
लखनऊ, छह जून (भाषा) चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग की वायु खुफिया इकाई (एआईयू) ने एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार करके उसके पास से करीब 10.39 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, शुक्रवार को खुफिया जानकारी के आधार पर एआईयू अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। आरोपी ओमान एयर की एक उड़ान से बैंकॉक होते हुए मस्कट के रास्ते लखनऊ पहुंचा था। बयान के अनुसार ग्रीन चैनल पर रोककर उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई।
बयान के मुताबिक तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से हरे रंग के पदार्थ से भरे 13 पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए जिसके हाइड्रोपोनिक गांजा होने का संदेह है। बयान के अनुसार जब्त पदार्थ का कुल वजन 10.397 किलोग्राम है। बयान में कहा गया कि जांच में प्रथम दृष्टया इसके गांजा होने का संदेह उत्पन्न हुआ।
सीमा शुल्क अधिकारियों ने बताया कि यात्री नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थ जब्त करके और एक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई एक जून को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई बड़ी बरामदगी के बाद सामने आई है। तब बैंकॉक से आई एक उड़ान से आये थाईलैंड के छह नागरिकों को गिरफ्तार करके 19.7 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया था। इसकी कीमत 19 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि आरोपी पहले भी कोलकाता-गया मार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी कर चुके हैं। जांच एजेंसियों ने कहा था कि हाइड्रोपोनिक गांजा की तस्करी में शामिल व्यापक नेटवर्क की जांच की जा रही है।
भाषा चंदन आनन्द अमित
अमित

Facebook


