मेरठ में स्कूल संचालक की मौत का मामला: पत्नी ने प्रेमी संग रची थी हत्या की साजिश, चार लोग गिरफ्तार
मेरठ में स्कूल संचालक की मौत का मामला: पत्नी ने प्रेमी संग रची थी हत्या की साजिश, चार लोग गिरफ्तार
मेरठ, 18 जुलाई (भाषा) मेरठ जिले में सांप के डसने से स्कूल संचालक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने शनिवार को दावा किया कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर जीवन बीमा की राशि हासिल करने तथा प्रेम संबंधों में बाधा बने पति को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने इस मामले में पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अतुल पंवार और दामिनी ने 2019 में प्रेम विवाह किया था। दोनों हस्तिनापुर क्षेत्र में रामलीला मैदान के पास ‘कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल’ का संचालन करते थे और वहीं रहते थे।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह अतुल पंवार को सांप के डसने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर अतुल के बिस्तर में एक सांप भी मिला था। परिजनों ने मौत पर संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान अतुल की पत्नी दामिनी के मोबाइल फोन से स्कूल में बतौर चालक काम करने वाले तुषार उर्फ निक्की के साथ लगातार संपर्क में रहने के साक्ष्य मिले।
उन्होंने कहा, ‘‘पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने अतुल की हत्या की साजिश रची थी।’’
कुमार ने बताया कि साजिश के तहत वारदात से एक रात पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद तुषार ने अपने दो साथियों, सोनू और उदय, की मदद से एक जहरीला सांप लाकर अतुल के कंबल में छोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। आरोप है कि बीमा की राशि मिलने के बाद साजिश में शामिल सोनू और उदय को पांच-पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘पूछताछ में यह भी पता चला कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने कार से कुचल कर अतुल की हत्या का प्रयास किया था, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गया था।’’
पुलिस ने दामिनी, तुषार, सोनू और उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर
वैभव खारी
खारी

Facebook


