‘झूठी शान के लिए हत्या’ का मामला: शामली में एक युवती की उसके भाई ने गला घोंटकर हत्या कर दी

‘झूठी शान के लिए हत्या’ का मामला: शामली में एक युवती की उसके भाई ने गला घोंटकर हत्या कर दी

‘झूठी शान के लिए हत्या’ का मामला: शामली में एक युवती की उसके भाई ने गला घोंटकर हत्या कर दी
Modified Date: August 1, 2026 / 07:22 pm IST
Published Date: August 1, 2026 7:22 pm IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), एक अगस्त (भाषा) शामली जिले के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के खुशहाली विहार मोहल्ले में ‘झूठी शान के लिए हत्या’ का एक संदिग्ध मामला सामने आया है जिसमें एक युवती की उसके भाई ने परिवार वालों की मदद से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गरिमा दहिया (25) पुत्री सुधीर दहिया के रूप में हुई है, जिसकी कथित तौर पर झूठी शान के लिए 29 जुलाई को हत्या कर दी गई थी।

शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एन.पी. सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई अर्जुन और अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

पिता सुधीर दहिया को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अर्जुन फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतका के कथित प्रेमी हिमांशु की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि गरिमा का हिमांशु से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग था, लेकिन परिवार वालों ने इस रिश्ते का विरोध किया और गरिमा की शादी कहीं और तय कर दी। बाद में किसी कारण से वह सगाई भी टूट गई।

इसके बाद 29 जुलाई को गरिमा के भाई अर्जुन ने परिवार वालों के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी शव का अंतिम संस्कार करने वाले थे, तभी मृतका के प्रेमी हिमांशु ने पुलिस को सूचना दे दी।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं आनन्द संतोष

संतोष


लेखक के बारे में