उप्र : मुजफ्फरनगर में फ्लाईओवर से कार खाई में गिरी, तीन युवकों की मौत
उप्र : मुजफ्फरनगर में फ्लाईओवर से कार खाई में गिरी, तीन युवकों की मौत
मुजफ्फरनगर, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाना क्षेत्र में रविवार को एक कार के फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह हादसा खटीमा राजमार्ग पर राय गांव के पास हुआ, जहां हरियाणा से हरिद्वार जा रही एक कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। कार में सवार सभी युवक हरियाणा के गुरुग्राम क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी पांचों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सागर (24), हिमांशु (25) और यश (23) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल वरुण और सुशांत को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


