जनता की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : योगी आदित्यनाथ
जनता की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चिंता मत करिए, सरकार सभी की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।’’
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। वह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच स्वयं पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


