उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
Modified Date: July 10, 2026 / 04:19 pm IST
Published Date: July 10, 2026 4:19 pm IST

लखनऊ, 10 जुलाई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा और कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में मेरठ जिले के मवाना में राज्य में सर्वाधिक 315 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी, मुजफ्फरनगर शहर में 213.3 मिमी और खतौली में 212.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आईएमडी के अनुसार, सक्रिय मानसून के प्रभाव से 11 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के मध्य भागों में ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून और अधिक सक्रिय हो गया है। प्रदेश में 11 जुलाई के बाद वर्षा की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है, हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि लगातार बादल छाए रहने और व्यापक रूप से बारिश के कारण अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

इस बीच, लखनऊ से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि तथा पशुहानि का संज्ञान लिया है।

उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर नुकसान का आकलन कर मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने, पीड़ित परिवारों से सीधे संपर्क बनाए रखने तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम संबंधी घटनाओं में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी।

मौसम विभाग के अनुसार, मवाना और मुजफ्फरनगर के अलावा हापुड़ में 160 मिमी, मिर्जापुर के चुनार में 160 मिमी, मेरठ शहर में 181.3 मिमी, मेरठ के सरधना में 116 मिमी, मेरठ तहसील में 109 मिमी, चंदौली में 103.5 मिमी और मिर्जापुर में 100.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त नजीबाबाद (81.6 मिमी), बांदा (81.2 मिमी), बलरामपुर (81 मिमी), बस्ती (81 मिमी), नकुड़ (81 मिमी), चांदपुर (78 मिमी), औरैया (73.2 मिमी), कानपुर आईएएफ (73.2 मिमी), बुढ़ाना (73.2 मिमी), देवबंद (71 मिमी), अतर्रा (70 मिमी), सहारनपुर (68 मिमी), जौनपुर (67.6 मिमी), बबेरू (67.4 मिमी) और लंभुआ (67 मिमी) में भी उल्लेखनीय वर्षा दर्ज की गई।

आईएमडी ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।

इसके अलावा कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, औरैया, अमरोहा, संभल, बदायूं और जालौन में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। लोगों को सलाह दी गई है कि तेज बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में जाने से बचें।

भाषा

किशोर, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में