वाराणसी (उप्र), छह सितंबर (भाषा) काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल में उपचार करा रहे सेवानिवृत्त चिकित्सक एवं पद्मश्री से सम्मानित प्रोफेसर टी. के. लाहिड़ी से एक एसोसिएट प्रोफेसर द्वारा कथित तौर पर बदसलूकी करने और थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है।
घटना के संबंध में अधिकारियों ने एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया है।
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि ‘डॉक्टर गॉड’ के नाम से लोकप्रिय प्रोफेसर लाहिड़ी पिछले कुछ महीनों से अस्पताल के हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सा विभाग में उपचार करा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन को प्रोफेसर लाहिड़ी के परिजनों की ओर से ईमेल के माध्यम से शिकायत मिली है जिसमें आरोप लगाया गया है कि एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अरविंद पांडेय ने उनसे कथित तौर पर बदसलूकी की और उन्हें थप्पड़ मारा, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई।
अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रोफेसर लाहिड़ी के परिजनों की ओर से ईमेल के माध्यम से शिकायत मिली थी। इस संबंध में मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है और इसकी रिपोर्ट जल्द ही सौंपी जाएगी।’’
अधिकारी ने कहा कि मेडिकल बोर्ड की जांच के निष्कर्ष आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रोफेसर लाहिड़ी 2003 में बीएचयू के आयुर्विज्ञान संस्थान से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद भी वह मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श देते रहे।
समाज सेवा के लिए पहचाने जाने वाले प्रोफेसर लाहिड़ी ने अपनी पेंशन का एक बड़ा हिस्सा भी दान किया है। समाज और चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 2006 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
भाषा सं सलीम नेत्रपाल खारी
खारी