स्वास्थ्य के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए सरकार के साथ-साथ निजी क्षेत्र की सहभागिता जरूरी : योगी आदित्यनाथ
स्वास्थ्य के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए सरकार के साथ-साथ निजी क्षेत्र की सहभागिता जरूरी : योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर/लखनऊ, चार जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि स्वास्थ्य का क्षेत्र बहुत विस्तृत है और उसमें सफलता प्राप्त करने के लिए सरकार के साथ-साथ निजी क्षेत्र की भी सहभागिता आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में एक निजी अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं न्यूरो ट्रामा सेंटर के उद्घाटन के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ”आज आयुष्मान भारत योजना के तहत एक सामान्य व्यक्ति निजी हॉस्पिटल में जाकर अपना इलाज करा सकता है। इसलिये देश का अन्तिम पायदान पर बैठा हुआ व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करता है।”
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के 50 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है, उसी का परिणाम है कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी आज अपना उपचार सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज या निजी क्षेत्र के हॉस्पिटल अथवा कॉरपोरेट हॉस्पिटल में करा सकता है।
लखनऊ में जारी एक सरकारी बयान के अनुसार योगी ने जोर देते हुए कहा कि यह वास्तव में प्रधानमंत्री जी और डबल इंजन सरकार की गरीबों तथा कमजोर तबके के लोगों के लिए उनके स्वास्थ्य के प्रति संवेदना है,क्योंकि सरकार के प्रयास यदि सही दिशा में और अच्छी नीयत से हों, तो उसके परिणाम अच्छे आते हैं।
अपने नेतृत्व की पिछले छह वर्षों की सरकारों में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा , ”आज से छह वर्ष पूर्व तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में केवल गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के रूप में एक मात्र सरकारी मेडिकल कॉलेज था। आज गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के साथ कार्य कर रहा है। यहां का बाल संस्थान भी बनकर तैयार हो गया है जो सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। गोरखपुर में एम्स भी अपना कार्य प्रारम्भ कर चुका है। विगत छह वर्षों में गोरखपुर में निजी क्षेत्र के अनेक चिकित्सालयों ने भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रयास किया है।’’
भाषा आनन्द राजकुमार

Facebook


